स्पर्श दर्शन के नाम पर ठगी करने वाले 25 दलाल गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में स्पर्श दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले दलालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 लोगों को गिरफ्तार किया है। रविवार को चलाए गए विशेष अभियान में चौक थाना क्षेत्र से 22 और दशाश्वमेध थाना क्षेत्र से तीन आरोपितों को पकड़ा गया।
दशाश्वमेध सर्किल के एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि मंदिर परिसर में स्पर्श दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं को गुमराह कर पैसे वसूलने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने विशेष रणनीति बनाकर कार्रवाई की।
भोर में नए पुलिस रंगरूटों, जिनमें महिला सिपाही भी शामिल थीं, को श्रद्धालु बनाकर मंदिर के गेट नंबर-4 पर तैनात किया गया। इसी दौरान कुछ दलाल उन्हें सुगम और स्पर्श दर्शन कराने का झांसा देकर पैसे मांगने लगे। संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी आरोपितों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार मंदिर में प्रतिदिन सुबह 4 से 5 बजे तथा शाम 4 से 5 बजे तक निशुल्क स्पर्श दर्शन की व्यवस्था है, लेकिन कुछ दलाल इसका फायदा उठाकर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को ठगते थे।
एसीपी ने बताया कि इससे पहले भी इस तरह की शिकायतों पर कार्रवाई की जा चुकी है। श्रद्धालुओं को जागरूक करने के लिए मंदिर क्षेत्र, नंदी चौक और मैदागिन तक दलालों से सावधान रहने संबंधी बोर्ड लगाए गए हैं। बोर्ड पर जारी हेल्पलाइन नंबरों पर मिली सूचनाओं के आधार पर भी पुलिस को कार्रवाई में मदद मिली।
पुलिस के मुताबिक इससे पहले चौक और दशाश्वमेध थाने की पुलिस 48 दलालों को गिरफ्तार कर चुकी है। ताजा कार्रवाई के बाद अब तक कुल 73 अवैध दलालों को जेल भेजा जा चुका है।


