दूल्हे आजाद बिंद हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर
जौनपुर (जनवार्ता)। चर्चित दूल्हे आजाद बिंद हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल रवि यादव को सोमवार भोर में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस कार्रवाई को एसटीएफ और एसआईटी की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंधी गांव निवासी रवि यादव पिछले 25 दिनों से फरार चल रहा था। आजाद बिंद हत्याकांड के बाद से एसटीएफ और एसआईटी लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सोमवार तड़के मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गौरतलब है कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 24 वर्षीय आजाद बिंद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर (जमदहां) निवासी सोनी बिंद से तय हुई थी। एक मई की रात वह बारात लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बादशाही बाजार के पास बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार रोककर गोली मार दी थी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मृतक के पिता राम लखन बिंद की तहरीर पर पुलिस ने रवि यादव, प्रदीप बिंद और भोले राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस अब तक इस मामले में शरण देने और सहयोग करने के आरोप में 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

