मुठभेड़ में मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, 58.75 लाख की अफीम- डोडा और अवैध असलहा बरामद
सोनभद्र (जनवार्ता)! चोपन पुलिस, रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार को हुई पुलिस मुठभेड़ में एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान 58.75 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ, एक कार तथा अवैध असलहा बरामद किया गया। एक अन्य आरोपी अंधेरे और पहाड़ी क्षेत्र का लाभ उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।


पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस वाहनों को कई बार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। सलखन क्षेत्र में एसओजी का वाहन खराब होने पर स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल ने तत्काल अपनी निजी कार उपलब्ध कराकर पुलिस की मदद की।
लगातार पीछा करते हुए पुलिस ने विरंजुआ क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, आरोपी पीछा छुड़ाने के लिए रास्ते में नोटों की गड्डियां भी फेंकते रहे, लेकिन टीम ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। घिरने पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में प्रिंस (27), निवासी ख्वाजके, थाना मेहरबान, जिला लुधियाना (पंजाब), पैर में गोली लगने से घायल हो गया और गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डाल्टनगंज से अफीम और डोडा खरीदकर लुधियाना ले जा रहा था। बरामदगी में 3 किलोग्राम अफीम, 225 किलोग्राम डोडा, होंडा सिटी कार, एक, 315 बोर तमंचा तथा कारतूस शामिल हैं।

