मानसून और बिजली व्यवस्था को लेकर मंत्री ए.के. शर्मा सख्त

मानसून और बिजली व्यवस्था को लेकर मंत्री ए.के. शर्मा सख्त

जलभराव और कटौती पर तय होगी जवाबदेही

वाराणसी (जनवार्ता) । प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को वाराणसी में नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को मानसून पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बरसात के दौरान जलभराव और बिजली आपूर्ति में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

rajeshswari

सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने नगर निकायों के अधिकारियों को नालों और नालियों की सफाई, जलनिकासी तंत्र की मरम्मत तथा वर्षा ऋतु से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान शहरों में जलभराव की समस्या नहीं दिखनी चाहिए और इसके लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मंत्री ने सड़क किनारे एवं डिवाइडरों के आसपास फैली गंदगी को हटाने, पौधरोपण अभियान चलाकर शहरों का सुंदरीकरण करने तथा स्वच्छता और हरियाली को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर शहरी आधारभूत सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण किसी भी शहर की पहचान होते हैं, इसलिए नगर निकाय नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

बैठक में विभिन्न निर्माणाधीन एवं संचालित विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

इसे भी पढ़े   पत्रकारिता के सच्चे प्रहरी मनोकामना सिंह की मनाई गई तृतीय पुण्यतिथि

ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, खराब ट्रांसफार्मरों के त्वरित प्रतिस्थापन तथा वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ताओं को निर्बाध, निरंतर एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गर्मी और मानसून के मौसम में विद्युत व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा संभावित तकनीकी समस्याओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही 1912 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि शिकायतों की नियमित समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मंत्री ने कहा कि नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग की सेवाएं सीधे आम जनता के दैनिक जीवन से जुड़ी हैं, इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए बेहतर जनसेवा सुनिश्चित करें। बैठक में दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *