काशी में बोले संजय सिंह: श्रद्धालुओं की आस्था के साथ हुआ विश्वासघात
वाराणसी (जनवार्ता)। आम आदमी पार्टी के नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता कर राम मंदिर ट्रस्ट पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि अयोध्या की गाटा संख्या 247 स्थित 0.645 हेक्टेयर नजूल भूमि, जिसकी सरकारी अभिलेखों में कीमत 2.92 करोड़ रुपये दर्ज है, उसे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 24 करोड़ रुपये में खरीदा। संजय सिंह ने कहा कि नजूल भूमि का विधिवत फ्रीहोल्ड हुए बिना क्रय-विक्रय नहीं हो सकता, इसलिए पूरे सौदे की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के दानपात्र और चढ़ावे में भी बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं तथा करोड़ों रुपये की कथित चोरी के मामलों में कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले भी भूमि खरीद में अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे।संजय सिंह ने ट्रस्ट को भंग कर दोषियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह, जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल, प्रदेश प्रवक्ता मनीष गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी घनश्याम पांडेय, अमर सिंह पटेल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

