गंगोत्री से गंगासागर तक योग का संदेश, रविदास घाट पर सामूहिक योगाभ्यास
वाराणसी (जनवार्ता)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘गंगोत्री से गंगासागर’ योग जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को वाराणसी के रविदास घाट पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। गंगा तट पर बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ने कहा कि यह यात्रा गंगोत्री से शुरू होकर गंगासागर तक जाएगी। उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय, राष्ट्रीय आयुष मिशन और मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। विश्व योग दिवस (21 जून) के अवसर पर एक सप्ताह तक देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा रही है।
मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य योग को केवल शहरों तक सीमित न रखकर गांवों, अमृत सरोवरों, नदी तटों, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों तथा सार्वजनिक पार्कों तक पहुंचाना है, ताकि समाज के हर वर्ग को योग से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में योग को जन-आंदोलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

आयुष विभाग की महानिदेशक चैत्रवी ने बताया कि ‘गंगोत्री से गंगासागर’ श्रृंखला की शुरुआत 14 जून को गंगोत्री से हुई थी। इसके बाद ऋषिकेश, हरिद्वार और प्रयागराज में कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा उसी क्रम में बुधवार को वाराणसी के रविदास घाट पर योगाभ्यास कराया गया। उन्होंने कहा कि गंगा तट पर योग करने से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा भी प्राप्त होती है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य लोगों को बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। साथ ही ‘करें योग, रहें निरोग’ का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

