मारकंडेय महादेव कैथी में गैस सिलेंडर ने पकड़ी आग, पुलिस ने पलभर में किया काबू, कोई हताहत नहीं
चौबेपुर (जनवार्ता)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर परिसर में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। मिली जानकारी अनुसार परिसर में स्थित अखिलानंद साव पुत्र स्वर्गीय कन्हैया साव (निवासी कैथी) की मिठाई की दुकान के गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते तेज रूप धारण कर लिया, जिससे दुकानदार और आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस में चौकी प्रभारी कैथी पवन राय, मिथिलेश व अन्य पुलिस ने त्वरित प्रतिक्रिया दिखाई। चौकी कैथी पर पहले से मौजूद अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) की मदद से पुलिस कर्मियों ने आग पर समय रहते काबू पा लिया। इस दौरान आसपास के लोगों ने भी पुलिस का सहयोग किया।इस घटना में दुकान की कुछ सामग्री जलकर खराब हो गई, लेकिन समय पर की गई कार्रवाई से बड़ी दुर्घटना टल गई। गनीमत यह रही कि आग झुग्गी-झोपड़ी या मंदिर की तरफ नहीं फैली और किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और दुकानदार को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।


