वाराणसी की नई डीएफओ बनीं निधि चौहान
यूपी वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश सरकार ने वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के 14 अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस फेरबदल में नौ प्रभागीय वन अधिकारियों (डीएफओ) के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। प्रशासनिक दक्षता और वन प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह तबादला आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार वाराणसी की डीएफओ स्वाति का तबादला उन्नाव कर दिया गया है, जबकि बदायूं की डीएफओ निधि चौहान को वाराणसी वन प्रभाग की नई प्रभागीय वनाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं उन्नाव की डीएफओ आरुषि मिश्रा को कैमूर वन्यजीव प्रभाग, मिर्जापुर भेजा गया है।
तबादला सूची के अनुसार गोरखपुर के डीएफओ विकास यादव को झांसी वन प्रभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सहारनपुर के डीएफओ शुभम सिंह को गोरखपुर का नया डीएफओ बनाया गया है। कानपुर में तैनात डीएफओ दिव्या का तबादला जौनपुर कर दिया गया है।
वन विभाग के इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा विभिन्न वन प्रभागों में कार्यों की गति बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

