48 घंटे के भीतर अपहृता बरामद, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। कपसेठी थाना पुलिस ने अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग किशोरी को 48 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही मामले में नामजद आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 जून को किशोरी के घर से बिना बताए कहीं चले जाने के बाद परिजनों ने कपसेठी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच और लगातार की गई छानबीन के दौरान पुलिस ने कपसेठी बाजार के पास बाहरी नाला क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयप्रकाश (20 वर्ष) निवासी ग्राम रड़यी, थाना भदोही, जनपद भदोही के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और किशोरी एक-दूसरे को पहले से जानते थे और शादी करने की नीयत से घर से चले गए थे। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
इस सफलता में कपसेठी थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार निगरानी और जांच की गई, जिसके परिणामस्वरूप किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।


