वाराणसी : उद्योग विभाग का सहायक प्रबंधक 5 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) वाराणसी की ट्रैप टीम ने जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र (डीआईसी), लहरतारा में तैनात सहायक प्रबंधक श्रीपाल को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता अमितेश चौरसिया ने सिल्क उत्पाद कारोबार के लिए उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक से 11 लाख रुपये का ऋण लिया था। ऋण पर मिलने वाली सब्सिडी के लिए आवश्यक एनओसी जारी करने का मामला उद्योग विभाग में लंबित था। आरोप है कि एनओसी जारी करने के एवज में सहायक प्रबंधक श्रीपाल ने 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी सेक्टर ने मामले की गोपनीय जांच कराई। आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस की ट्रैप टीम ने शुक्रवार को जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी अधिकारी को शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अधिकारी के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान थाना वाराणसी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विजिलेंस विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी अथवा अधिकारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना रिश्वत विरोधी हेल्पलाइन नंबर 9454401866 एवं 9454401222 पर देकर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सहयोग करें।

