सिगरा स्टेडियम : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

सिगरा स्टेडियम : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

वाराणसी (जनवार्ता)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह सिगरा स्थित डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में नगर निगम वाराणसी की ओर से भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही पूरा स्टेडियम योगमय हो उठा। आयुष मंत्रालय के मुख्य प्रशिक्षक इदल प्रसाद के निर्देशन में सैकड़ों नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

rajeshswari

कार्यक्रम की शुरुआत आयुष योग प्रोटोकॉल और मंत्रोच्चार के साथ हुई। प्रशिक्षक ने प्रतिभागियों को ताड़ासन, अर्धचक्रासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, भुजंगासन, वक्रासन, शलभासन, सेतुबंध आसन और अर्धहलासन सहित विभिन्न योगासन कराए। इसके बाद कपालभाति, अनुलोम-विलोम प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण योग की शुद्धिकरण क्रिया ‘धौती वस्त्र’ का सजीव प्रदर्शन रहा, जिसने उपस्थित लोगों को काफी प्रभावित किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदीश पटेल और महापौर अशोक कुमार तिवारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भी योगाभ्यास में भाग लिया।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज पूरी दुनिया योग की शक्ति को स्वीकार कर रही है। उन्होंने कहा कि काशीवासियों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि वे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हैं।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। नगर निगम का प्रयास है कि योग केवल एक दिवस का आयोजन न रहकर नागरिकों की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बने, जिससे स्वच्छ और स्वस्थ काशी का निर्माण किया जा सके।

इसे भी पढ़े   ई-रिक्शा छोड़ने के लिए 3 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में ट्रैफिक इंस्पेक्टर लाइन हाजिर

कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर पार्षद सुरेश कुमार चौधरी, राजकपूर चौधरी, प्रवीण राय, इंद्रेश कुमार, सुशील गुप्ता, योगी, विवेक कुमार कुशवाहा, हनुमान प्रसाद, संदीप रघुवंशी, बलराम कन्नौजिया, अजय बिंद, संजय कुमार गुजराती, श्याम आसरे मौर्य और विजय द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नियमित योग अपनाकर निरोग जीवन जीने का संकल्प लिया।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *