‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर रेलवे कर्मियों ने अपनाया स्वास्थ्य का मंत्र

‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर रेलवे कर्मियों ने अपनाया स्वास्थ्य का मंत्र

• डीआरएम आशीष जैन ने किया योगाभ्यास

वाराणसी (जनवार्ता)।12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) थीम के साथ व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्मिक विभाग के तत्वावधान में आयोजित इन कार्यक्रमों में मंडल मुख्यालय के साथ-साथ प्रमुख रेलवे स्टेशनों, प्रशिक्षण केंद्रों, डीजल लॉबी और विभिन्न रेलवे प्रतिष्ठानों पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

rajeshswari

लहरतारा स्थित पूर्वोत्तर रेलवे अधिकारी क्लब में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन के नेतृत्व में योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीआरएम ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर शाखाधिकारियों, वरिष्ठ रेल अधिकारियों और उनके परिवारजनों ने कुशल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

योग प्रशिक्षक एन.के. वर्मा ने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, सर्वांगासन, हलासन, शशकासन, शलभासन, मकरासन, धनुरासन, वज्रासन, शवासन तथा विभिन्न प्रकार के प्राणायामों का अभ्यास कराया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

न्यू लोको कॉलोनी स्थित इंद्रप्रस्थ सामुदायिक भवन में भी योग प्रशिक्षक एवं रेल कर्मचारी छांगुर प्रसाद यादव के निर्देशन में योग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम और प्रार्थना का अभ्यास कराया गया।

इसे भी पढ़े   अजगरा में बनेगा विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनेगा 

इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है, जिसका उद्देश्य बढ़ती उम्र के साथ आने वाली स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों जैसे जोड़ों के दर्द, संतुलन की समस्या और तनाव को योग के माध्यम से दूर कर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन को बढ़ावा देना है। रेलवे प्रशासन ने भी योग को संरक्षित रेल संचालन और तनावमुक्त कार्य संस्कृति के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का विस्तार वाराणसी मंडल के विभिन्न रेलवे प्रतिष्ठानों तक रहा। अधिकारी क्लब के अलावा जोनल ट्रेनिंग सेंटर गाजीपुर, संयुक्त प्रशिक्षण केंद्र एवं बनारस कोचिंग डिपो, डीजल लॉबी, कोचिंग डिपो मऊ, वाराणसी, गोरखपुर, छपरा, मंडल चिकित्सालय वाराणसी, डेमू शेड औड़िहार, आरपीएफ बैरक बनारस तथा सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों और आरपीएफ पोस्टों पर भी योग दिवस पूरी भव्यता के साथ मनाया गया।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *