करोड़ों की निवेश योजना पर वाराणसी पुलिस का शिकंजा

करोड़ों की निवेश योजना पर वाराणसी पुलिस का शिकंजा

एसीपी ने रुकवाया कंपनी का कार्यक्रम

वाराणसी (जनवार्ता)। करोड़ों रुपये की कथित निवेश धोखाधड़ी के मामले में वाराणसी पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नागरी नाटक मंडली में आयोजित मेडलियन ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यक्रम को रुकवा दिया। शिकायत मिलने पर एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस के पहुंचते ही कंपनी से जुड़े कई पदाधिकारी मौके से गायब हो गए, जबकि उपस्थित लोगों से पूछताछ की गई।

rajeshswari

शिकायतकर्ता भगवान सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में कंपनी ने नेटवर्क मार्केटिंग के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया। निवेशकों को 10 से 20 माह में रकम दोगुनी करने, सोना, कैशबैक और विदेश यात्रा जैसे आकर्षक ऑफर देकर करोड़ों रुपये का निवेश कराया गया।

शिकायत के अनुसार, शुरुआती दौर में कुछ निवेशकों को भुगतान कर विश्वास बनाया गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया। निवेश की अवधि पूरी होने के बावजूद न तो मूलधन वापस मिला, न सोना दिया गया और न ही अन्य वादे पूरे किए गए, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को आर्थिक नुकसान हुआ।

भगवान सिंह राठौर का दावा है कि उनकी टीम के करीब 90 लाख रुपये और 300 ग्राम सोना कंपनी के पास बकाया है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने कई मामलों में जीएसटी बिल जारी नहीं किए और टीडीएस की कटौती के बावजूद उसे जमा नहीं कराया।

पुलिस ने मौके पर मौजूद निवेशकों और कंपनी से जुड़े लोगों से पूछताछ की। अधिकारियों का कहना है कि कंपनी के दस्तावेज, निवेश योजनाओं, बैंकिंग और वित्तीय लेन-देन सहित सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़े   रेलवे अफसर से मारपीट पर बवाल, यूपीभर में रेलकर्मियों का प्रदर्शन

वाराणसी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी वैधता और विश्वसनीयता की पूरी जांच करें तथा पैसा दोगुना या असामान्य मुनाफे का दावा करने वाली योजनाओं से सतर्क रहें।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *