जीआरपी : जहरखुरानी गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

जीआरपी : जहरखुरानी गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

नशीली दवाएं, मोबाइल और नकदी बरामद

वाराणसी (जनवार्ता) । जीआरपी कैंट और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने जहरखुरानी और चोरी की घटनाओं में शामिल दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नशीली दवाएं, मोबाइल फोन, नकदी तथा पीड़ित का आधार कार्ड बरामद किया है। कार्रवाई बनारस रेलवे स्टेशन के सेकेंड एंट्रेंस के पास पार्किंग क्षेत्र में की गई।

rajeshswari

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के  निवासी रामदयाल मिश्र तथा जौनपुर की ज्योति के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अकेले यात्रियों को निशाना बनाते थे। बातचीत कर विश्वास जीतने के बाद नमकीन, बिस्कुट या अन्य खाद्य पदार्थों में एटिवान जैसी नशीली दवा मिलाकर खिलाते थे। यात्री के बेहोश होने पर उसका मोबाइल, नकदी, बैग और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एटिवान की 60 गोलियां, एक ओप्पो मोबाइल फोन, 3,180 रुपये नकद, पीड़ित का आधार कार्ड तथा अन्य सामान बरामद किया है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है।

पूछताछ के दौरान चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई कर रही है। मामले में पहले से दर्ज मुकदमे में नई धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी रामदयाल मिश्र के विरुद्ध पहले भी चोरी, जहरखुरानी और एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इसे भी पढ़े   एनसीसी युवाओं में अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का मजबूत आधार : कर्नल अमर सिंह
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *