दालमंडी चौड़ीकरण : तीन अवैध मकान जमींदोज
वाराणसी (जनवार्ता)। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत अवैध निर्माणों के खिलाफ वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की कार्रवाई अंतिम चरण में पहुंच गई है। रविवार को वीडीए ने दालमंडी क्षेत्र में तीन अवैध मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह अभियान सुबह करीब नौ बजे शुरू हुआ और शाम तक जारी रहा।

वीडीए के अनुसार ध्वस्त किए गए भवन पहले से चिन्हित किए जा चुके थे। कार्रवाई से एक दिन पूर्व संबंधित भवनों को खाली कराने के लिए मुनादी भी कराई गई थी। परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने के उद्देश्य से करीब 200 मजदूरों की मदद से ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल, पीएसी और अर्द्धसैनिक बल तैनात रहे। साथ ही पूरे इलाके की ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई, जिससे अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
वीडीए अधिकारियों ने बताया कि दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना शहर के यातायात और आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसी के तहत अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है और सभी चिन्हित अवैध निर्माण हटाए जाने तक अभियान चलता रहेगा।
ध्वस्तीकरण अभियान को लेकर क्षेत्र के कई लोगों ने विकास कार्यों के मद्देनजर इसका समर्थन किया, जबकि कुछ स्थानीय निवासियों ने अपनी चिंताएं भी व्यक्त कीं। वीडीए ने स्पष्ट किया कि शहर के नियोजित विकास और अवैध निर्माणों पर नियंत्रण के लिए भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

