सीएम के दौरे से पहले नगर निगम अलर्ट
वीआईपी रूटों पर तीन शिफ्ट में सफाई
वाराणसी (जनवार्ता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दो दिवसीय काशी दौरे को लेकर नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित एवं वैकल्पिक मार्गों पर सफाई, अतिक्रमण हटाने, आवारा पशुओं को पकड़ने तथा सुंदरीकरण का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर वीआईपी रूटों पर तीन शिफ्टों में सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। सड़कों को धूल और गंदगी से मुक्त रखने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के काफिले के सुचारु आवागमन को ध्यान में रखते हुए निगम की टीमें आवारा मवेशियों और छुट्टा पशुओं को पकड़कर अस्थायी शेल्टर होम भेज रही हैं।
नगर निगम का प्रवर्तन दल संभावित मार्गों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में जुटा है। सड़क किनारे लगने वाले ठेले-खोमचों और स्ट्रीट वेंडरों को भी व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि यातायात बाधित न हो। वहीं, मार्ग प्रकाश विभाग को सभी स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइटों को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, धंसे हुए मैनहोल की जांच, डिवाइडरों की पेंटिंग तथा अन्य सुंदरीकरण कार्यों को भी तेजी से पूरा कराया जा रहा है। सभी जोनल अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि कहीं भी कमी या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

