अशोक सुल्तानिया ने संभाला रोटरी क्लब ऑफ़ वाराणसी नॉर्थ के अध्यक्ष पद का कार्यभार
रोटरी क्लब वाराणसी नॉर्थ का 36वां शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
वाराणसी (जनवार्ता)।रोटरी क्लब ऑफ़ वाराणसी नॉर्थ का 36वां पदभार ग्रहण एवं शपथ ग्रहण समारोह होटल सूर्या में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, गणेश वंदना, भजन संध्या एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

निवर्तमान अध्यक्ष रुचि भार्गव ने क्लब की वर्षभर की उपलब्धियों का उल्लेख किया। इसके बाद अशोक सुल्तानिया ने अध्यक्ष तथा डॉ. राकेश जायसवाल ने सचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया। वरिष्ठ सदस्य इंद्रसेन सिंह ने अध्यक्ष एवं अतुल जायसवाल ने नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई, जबकि सह मंडल अध्यक्ष अविनाश मेहरोत्रा ने नए सदस्यों को रोटरी पिन एवं किट प्रदान की।
समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल देवव्रत ओहरी ने राष्ट्रीय सुरक्षा, नेतृत्व, प्रबंधन और संगठन निर्माण पर प्रेरक व्याख्यान दिया। अध्यक्ष अशोक सुल्तानिया ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
नई कार्यकारिणी में राकेश रस्तोगी (उपाध्यक्ष), शैलेन्द्र श्रीवास्तव (कोषाध्यक्ष), अनिल केसरी (संयुक्त सचिव), विजय केसरी (अध्यक्ष-निर्वाचित) और दीपक माहेश्वरी (अध्यक्ष-नामित) सहित अन्य पदाधिकारियों ने दायित्व ग्रहण किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिव जी गुप्ता एवं डॉ. नीलम गुप्ता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विजय केसरी ने दिया। समारोह में क्लब के संस्थापक सदस्य सुरेश खंडेलवाल सहित वाराणसी के विभिन्न रोटरी क्लबों के अनेक रोटेरियन उपस्थित रहे।

