मौखिक परीक्षा में कम अंक मिलने पर काशी विद्यापीठ में छात्रों का प्रदर्शन
विभाग में जड़ा ताला
वाराणसी (जनवार्ता)। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाज कार्य संकाय के चतुर्थ सेमेस्टर के छात्रों ने मौखिक परीक्षा में कम अंक दिए जाने के विरोध में सोमवार को विभाग में ताला बंद कर धरना-प्रदर्शन किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर मनमाने ढंग से अंक देने और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि मौखिक परीक्षा में अपेक्षा से काफी कम अंक दिए गए हैं, जिससे उनके शैक्षणिक प्रदर्शन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उनका आरोप था कि मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है और छात्रों की शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि समाज कार्य जैसे प्रोफेशनल कोर्स में अध्ययन करने के बावजूद न तो छात्रों को बेहतर प्लेसमेंट की सुविधा मिल रही है और न ही व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मूल्यांकन प्रक्रिया की समीक्षा करने तथा छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को अपनी मांगों पर निर्णय लेने के लिए एक दिन का समय दिया। उनका कहना है कि यदि निर्धारित अवधि में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

