सीएम योगी के दौरे से पहले हटाए गए सड़क किनारे खड़े वाहन
वाराणसी (जनवार्ता) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दो दिवसीय वाराणसी दौरे से पहले पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाया गया और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया गया।


प्रभारी निरीक्षक अतुल सिंह और पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह ने पुलिस टीम के साथ अभियान चलाते हुए लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की। अभियान के दौरान मुख्य मार्गों को अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त कराया गया, ताकि मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान यातायात सुचारु रहे और सुरक्षा व्यवस्था में कोई बाधा न आए।
पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पूरे क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

