दिनदहाड़े हरे नीम के पेड़ की लकड़ी लादकर शहर से गुजरा वाहन
विभागीय निगरानी पर उठे सवाल
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर में हरे पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। गोलगड्डा चौराहे से एक वाहन हरे नीम के पेड़ की कटी हुई लकड़ी लादकर गुजरता दिखाई दिया। लकड़ी पर ताजी हरी पत्तियां लगी होने से आशंका जताई जा रही है कि पेड़ की कटाई हाल ही में की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन पर लकड़ी काटने वाली मशीन भी रखी हुई थी, जिससे यह संदेह और गहरा हो गया कि मौके पर ही पेड़ काटकर लकड़ी ले जाई जा रही थी। हैरानी की बात यह रही कि शहर के व्यस्त मार्ग से वाहन गुजरने के बावजूद न तो पुलिस ने कोई कार्रवाई की और न ही वन विभाग या नगर निगम की ओर से कोई हस्तक्षेप दिखाई दिया।
घटना के बाद पर्यावरण संरक्षण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हरे पेड़ों की कटाई खुलेआम होती रही और संबंधित विभाग कार्रवाई नहीं करेंगे, तो शहर की हरियाली पर गंभीर असर पड़ेगा।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा बिना अनुमति हरे पेड़ों की कटाई पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

