संपत्ति विवाद में पति को जिंदा जलाने का आरोप, पत्नी के खिलाफ मुकदमा
उन्नाव (जनवार्ता)। सदर कोतवाली क्षेत्र में 56 वर्षीय हृदेश तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। मृतक की बेटी ने अपनी सौतेली मां रानू और उसके मायके पक्ष के लोगों पर संपत्ति विवाद में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हृदेश तिवारी की पत्नी का वर्ष 2023 में निधन हो गया था। इसके बाद उन्होंने अक्टूबर 2024 में रानू से कोर्ट मैरिज की थी। परिजनों का आरोप है कि रानू शादी के बाद से लगातार संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी।
आरोप है कि प्लॉट के रजिस्ट्रेशन वाले दिन हृदेश तिवारी के बाथरूम में जाने पर रानू और उसके मायके से आए लोगों ने उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे हृदेश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना में आरोपी महिला भी मामूली रूप से झुलस गई, जिसका पुलिस निगरानी में इलाज चल रहा है। सदर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत ने बताया कि मृतक की बेटी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

