हाईवे रेलवे ओवरब्रिज की नवनिर्मित सर्विस रोड धंसी
हादसे का बढ़ा खतरा
वाराणसी (जनवार्ता)। मोहनसराय-बैरवन स्थित हाईवे रेलवे ओवरब्रिज पर अखरी से मोहनसराय की ओर जाने वाली नवनिर्मित सर्विस रोड धंस जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कुछ माह पूर्व निर्मित यह सड़क बैरवन गांव के सामने कई स्थानों पर धंसकर क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।


स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण के कुछ ही दिनों बाद इसमें दरारें और धंसान शुरू हो गई थी, जो अब गंभीर रूप ले चुकी है। सड़क पर फैली मिट्टी और गिट्टियों के कारण दोपहिया वाहन चालक अक्सर असंतुलित होकर गिर रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का दावा है कि अब तक कई लोग इस मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि शाम के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस सर्विस रोड से गुजरते हैं, ऐसे में सड़क की जर्जर स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त सर्विस रोड की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

