प्रयागराज में होगा छात्रों का ऐतिहासिककी गूंज सम्मेलन : अजय राय

प्रयागराज में होगा छात्रों का ऐतिहासिककी गूंज सम्मेलन : अजय राय

वाराणसी (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में आयोजित होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के छात्र-युवा आंदोलन का ऐतिहासिक सम्मेलन साबित होगा, जिसमें प्रदेश भर से लाखों छात्र-युवा, प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी, शोधार्थी और बेरोजगार युवा भाग लेंगे।

rajeshswari

वाराणसी स्थित अपने आवासीय कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में अजय राय ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया ‘छात्रों की गूंज’ अभियान छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई का राष्ट्रीय मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरुआत राजस्थान के कोटा से हुई और इसके बाद उत्तराखंड के देहरादून में भी इसे व्यापक समर्थन मिला। अब इसका अगला चरण 8 अगस्त को प्रयागराज में आयोजित होगा, जहां छात्र अपनी समस्याएं, सुझाव और भविष्य से जुड़े सवाल सीधे राहुल गांधी के समक्ष रखेंगे।

उन्होंने कहा कि आज का युवा पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, रिक्त पदों पर नियुक्तियों में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की खामियों से जूझ रहा है। कांग्रेस का मानना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सम्मानजनक रोजगार युवाओं का अधिकार है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा छात्र संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में प्रयागराज पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

पत्रकार वार्ता के दौरान अजय राय ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से इस मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करती रही है। उनका कहना था कि जांच केवल निचले स्तर तक सीमित न रहकर सभी संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

इसे भी पढ़े   अज्ञात वाहन की चपेट में आने से अधेड की मौत

उन्होंने उत्तर प्रदेश के राशन कोटेदारों की समस्याओं को भी उठाते हुए कहा कि सरकार लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कोटेदारों के कमीशन में वृद्धि, समयबद्ध भुगतान, परिवहन व्यय सहित अन्य व्यावहारिक समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं, किसानों, महिलाओं, मजदूरों, राशन कोटेदारों, व्यापारियों और समाज के सभी वर्गों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रयागराज का ‘छात्रों की गूंज’ सम्मेलन शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और पेपर लीक के खिलाफ संघर्ष को नई दिशा देगा।

पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह तथा युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *