कोरौता में नशामुक्त भारत अभियान पर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को किया गया सम्मानित, लोकगीतों के माध्यम से दिया नशामुक्ति का संदेश
वाराणसी (जनवार्ता) । सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, वाराणसी द्वारा मंगलवार को विकास खंड काशी विद्यापीठ के ग्राम सभा कोरौता स्थित पंचायत भवन में एक दिवसीय एकीकृत आउटरीच जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को केंद्र सरकार की नई नीतियों, कानूनों, सामाजिक सुधारों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था। इस दौरान ‘विकसित भारत–जी राम जी कानून, 2025’ तथा ‘नशामुक्त भारत अभियान’ विषय पर विस्तार से जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं काशी विद्यापीठ ब्लॉक प्रमुख प्रवेश पटेल ने कहा कि विकसित भारत–जी राम जी कानून, 2025 के अंतर्गत ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। उन्होंने बताया कि संशोधित व्यवस्था के तहत अब 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही पारदर्शी डिजिटल प्रणाली, महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण तथा तकनीकी एवं नीतिगत सुधारों को विशेष महत्व दिया गया है।
उन्होंने युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए समाज के सभी वर्गों से नशामुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ग्राम सभा कोरौता के प्रशासक दिनेश पटेल ने कहा कि नशामुक्त भारत के निर्माण की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार, मित्रों, रिश्तेदारों, पड़ोसियों तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
केंद्रीय संचार ब्यूरो के पंजीकृत लोक कलाकारों के दल की प्रमुख रीना साहनी एवं उनकी टीम ने लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प तथा नशामुक्ति का प्रभावी संदेश दिया, जिसे उपस्थित ग्रामीणों ने सराहा।
कार्यक्रम में ग्राम सभा छीतौनी के प्रशासक विजय जायसवाल, ग्राम सभा लखनीपुर के प्रशासक जंगबहादुर पटेल, सामाजिक कार्यकर्ता कन्हैया लाल, राजेश विश्वकर्मा, राम बाबू मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए केंद्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक डॉ. लालजी ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

