बीटीसी परीक्षा में असफल होने के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर थाना क्षेत्र की चंदमारी पुलिस चौकी अंतर्गत अशोक पुरम कॉलोनी में बुधवार सुबह 35 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान रेलवे विभाग से टीटी पद से सेवानिवृत्त अशोक तिवारी के पुत्र दीपक कुमार (35) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9 बजे उसकी मां गिरिजा देवी चाय देने के लिए कमरे में गईं। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां दीपक का शव फंदे से लटका मिला।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, दीपक कानपुर से बीटीसी के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा दे रहा था। करीब 25 दिन पहले घोषित परिणाम में वह मात्र पांच अंकों से असफल हो गया था, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।
परिजनों ने बताया कि दीपक दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। दोनों बहनों का विवाह हो चुका था और अब दोनों भाइयों के विवाह की तैयारी चल रही थी।
पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा मोबाइल फोन की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

