‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा महानगर की बैठक
10 से 15 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन
वाराणसी (जनवार्ता)। भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई की ओर से बुधवार को गुलाब बाग स्थित महानगर कार्यालय में ‘हर घर तिरंगा–तिरंगा यात्रा’ अभियान की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने की। इसमें महानगर पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, प्रकोष्ठों एवं मोर्चों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति सम्मान का जनअभियान है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराए तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़े।

उन्होंने बताया कि संगठन के निर्देशानुसार 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल एवं वार्ड स्तर पर भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। 12 से 14 अगस्त के दौरान शहीद स्मारकों एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों पर स्वच्छता अभियान तथा पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर एवं प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अवधि में शहीदों के परिजनों, वीर सैनिकों तथा राष्ट्रसेवा में समर्पित पुलिसकर्मियों का सम्मान भी किया जाएगा। विद्यालयों, महाविद्यालयों, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा सामाजिक माध्यमों पर हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
मुख्य अतिथि एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ और प्रत्येक घर तक पहुंचकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे महानगर में राष्ट्रभक्ति का वातावरण सशक्त रूप से दिखाई देना चाहिए।
बैठक में अभियान का संयोजक महानगर उपाध्यक्ष मधुकर चित्रांश को बनाया गया। कार्यक्रम का संचालन नवीन कपूर ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन अशोक पटेल ने दिया।
बैठक में महापौर अशोक तिवारी, नगर निगम उपसभापति नरसिंह दास बाबा, सुरेश चौरसिया, चंद्रशेखर उपाध्याय, कुसुम पटेल, साधना वेदांती, रचना अग्रवाल, गीता शास्त्री, आत्मा विश्वेश्वर, मधुप सिंह, अभिषेक मिश्रा, प्रमील पाण्डेय, अजय गुप्ता, विवेक पाण्डेय, अतुल सिंह, योगेश वर्मा, विभव सिंह, पंकज चतुर्वेदी, मनोज सोनकर, आलोक श्रीवास्तव, बृजेश चौरसिया, अशोक यादव, रीना पात्रो, अनुपम गुप्ता, पुन्नू लाल बिंद, प्रिंस द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

