मुठभेड़ : हनुमान फाटक ट्रिपल अटैक के मुख्य आरोपी को पैर में लगी गोली

मुठभेड़ : हनुमान फाटक ट्रिपल अटैक के मुख्य आरोपी को पैर में लगी गोली

वाराणसी (जनवार्ता)। आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार तड़के सो रहे तीन लोगों पर ईंट-पत्थरों से किए गए हमले के मामले में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी मोहम्मद ताजीम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, काशी रेलवे स्टेशन के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

rajeshswari

जानकारी के मुताबिक, तड़के करीब तीन बजे हनुमान फाटक पुलिस चौकी से करीब 40 मीटर दूर सो रहे तीन लोगों पर हमला किया गया था। घटना में रवि चौहान उर्फ पप्पू की मौत हो गई, जबकि अशोक पासवान उर्फ बाबाजी गंभीर रूप से घायल हुए। तीसरे व्यक्ति गणेशु कनौजिया को भी चोटें आईं।

घटना के बाद पुलिस अधिकारियों और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से मोहम्मद ताजीम को संदिग्ध मुख्य हमलावर के रूप में चिह्नित किया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और बरामदगी की कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया। काशी रेलवे स्टेशन के पास पुलिस टीम ने उसे घेरकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और हमले के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

इसे भी पढ़े   काशी हिन्दू विश्वविद्यालय को मिला नया कुलपति, प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी की हुई नियुक्ति
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *