पुलिस आयुक्त ने शहरी कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण
1,810 वाहनों के चालान
वाराणसी (जनवार्ता) । श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को मंडुवाडीह से रथयात्रा, गुरुबाग होते हुए गोदौलिया तक शहरी कांवड़ मार्ग का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।


पुलिस आयुक्त ने कांवड़ यात्रियों के विश्राम स्थलों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं से संवाद किया और उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से कांवड़ यात्रियों के साथ सहयोग और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कांवड़ मार्ग से अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और अन्य अवरोध तत्काल हटाने तथा भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों को पैदल गश्त बढ़ाने के लिए कहा गया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर चलाए गए अभियान में बिना नंबर प्लेट, गलत दिशा में चलने वाले वाहनों और बिना परमिट संचालित ऑटो-टोटो के खिलाफ कार्रवाई की गई। कुल 44 वाहन सीज किए गए और 1,810 वाहनों का चालान कर 35.69 लाख सम्मन शुल्क वसूला गया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/मुख्यालय शिवहरि मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

