पत्नी की हत्या के बाद बदली पहचान
मंडुआडीह में मजदूर बनकर छिपा था आरोपी
वाराणसी (जनवार्ता)। पत्नी की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद कर सिलवासा से फरार हुए आरोपी को वाराणसी एसटीएफ और सिलवासा पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बिहार के नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के सिउर गांव निवासी ऋषभ कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया था।

पुलिस के अनुसार, तीन अगस्त 2026 को सिलवासा के टोकर खड़ा क्षेत्र स्थित एक किराये के मकान से सूटकेस में महिला का शव बरामद हुआ था। मृतका की पहचान छोटी उपाध्याय के रूप में हुई। जांच में पता चला कि शव करीब दो महीने पुराना था और उसे प्लास्टिक से ढककर सूटकेस में रखा गया था।
जांच के दौरान सामने आया कि ऋषभ और छोटी के बीच प्रेम संबंध था और दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की थी। शादी के बाद परिवार द्वारा छोटी को स्वीकार नहीं किए जाने को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, नौ जून 2026 की शाम सिलवासा स्थित किराये के कमरे में ऋषभ ने पत्नी की हत्या कर दी और शव को सूटकेस में बंद कर फरार हो गया।
वारदात के बाद आरोपी करीब 1500 किलोमीटर दूर वाराणसी पहुंचा और मंडुवाडीह के चांदपुर स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट में छिपकर रहने लगा। यहां उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए कमलेश नाम का इस्तेमाल किया और मजदूरी करने लगा। आरोपी वाराणसी में पहले पढ़ चुका था, इसलिए उसने यहां छिपने के लिए यह स्थान चुना।
इसी दौरान किसी परिचित ने उसे पहचान लिया। एक दोस्त से मोबाइल नंबर साझा किए जाने के बाद एसटीएफ को उसकी मौजूदगी की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर वाराणसी एसटीएफ और सिलवासा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव और उपनिरीक्षक विनय मौर्य की टीम ने आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ में उसके बिहार के नवादा जिले का निवासी होने की पुष्टि हुई। पुलिस के मुताबिक, बिहार के रोह थाने में भी उसके खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी को सोमवार दोपहर सीजेएम वाराणसी की अदालत में पेश किया गया। अदालत से सिलवासा पुलिस को आरोपी का ट्रांजिट रिमांड मिल गया। इसके बाद सिलवासा पुलिस उसे अपने साथ ले गई, जहां मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

