न्यूरो सिटी अस्पताल में एक्सपायरी इंजेक्शन लगने से बिगड़ी मरीज की हालत
परिजनों ने किया हंगामा
वाराणसी (जनवार्ता)। सारनाथ थाना क्षेत्र के नक्खी घाट के समीप स्थित न्यूरो सिटी अस्पताल में भर्ती 60 वर्षीय मरीज की बुधवार को कथित तौर पर एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाए जाने के बाद हालत बिगड़ गई। घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। आरोप है कि इसके बाद चिकित्सक और अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


गाजीपुर के औड़िहार क्षेत्र के गोपालापुर गांव निवासी बालमुकुंद यादव (60) को पिछले शुक्रवार को लकवा मारने के बाद परिजनों ने न्यूरो सिटी अस्पताल में भर्ती कराया था। मरीज के पुत्र नवीन यादव के अनुसार, चिकित्सक राकेश सिंह ने उनके पिता को 34 हजार रुपये का इंजेक्शन लगाने की बात कही थी और बताया था कि इससे उनकी स्थिति में सुधार होगा।

परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगाए जाने के बाद बालमुकुंद के शरीर का दाहिना हिस्सा अचानक सुन्न पड़ गया। इसके बाद जब उन्होंने इंजेक्शन की जांच की तो उसकी अवधि समाप्त होने की बात सामने आई। इस पर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया और चिकित्सक की तलाश की, लेकिन उनके नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल में जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी के अनुसार, चिकित्सक से बातचीत कर उन्हें बुलाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इंजेक्शन की वैधता और मरीज की हालत बिगड़ने के कारणों की पुष्टि जांच एवं चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

