मिशन शक्ति: छात्राओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
लोहता पुलिस ने मनचलों की चेकिंग कर हेल्पलाइन नंबर बताए
वाराणसी (जनवार्ता)। मिशन शक्ति फेज-5 के तहत लोहता पुलिस ने क्षेत्र के स्कूल-कॉलेजों में महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को महिला अपराधों से बचाव, उनके अधिकारों और पुलिस सहायता की जानकारी दी।

अभियान के दौरान शिक्षण संस्थानों के आसपास संदिग्ध रूप से घूमने वाले मनचलों और अराजक तत्वों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में छात्राओं को 112, 1090, 108, 1076 और 1930 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने छेड़छाड़, धमकी या किसी भी विषम परिस्थिति में तत्काल सहायता लेने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने थाने में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र और प्रदेश सरकार के 360 डिग्री कार्यक्रम की जानकारी भी दी। इसके अलावा छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया पर सावधानी और अनजान लिंक से दूर रहने के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस ने कहा कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाना है।

