फरियादियों की शिकायतों पर डीएम सख्त
समयसीमा में समाधान के निर्देश
वाराणसी (जनवार्ता)। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि फरियादियों को स्थायी और संतोषजनक समाधान मिलना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई पूरी करने तथा शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र लोगों को किसी भी स्थिति में अनावश्यक परेशानी न हो और अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।

