महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक
भदोही (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत बुधवार को भदोही पुलिस ने महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने गांवों, कस्बों, मोहल्लों, शिक्षण संस्थानों और मंदिरों में भ्रमण कर चौपाल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।


पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में आयोजित अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया।

अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के उपाय, गुड टच-बैड टच की पहचान तथा महिला अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। सार्वजनिक स्थानों, बसों और रास्तों में छेड़खानी या उत्पीड़न की स्थिति में भयभीत न होकर तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीमों ने सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक इस्तेमाल को लेकर भी जागरूक किया। व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निजी जानकारी साझा करने से बचने तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर स्वयं नियमों का पालन करने और परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस ने 1090 वीमेन पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवा तथा 101 अग्निशमन सेवा की जानकारी भी दी।

