घर बैठे मिलेगा मुफ्त पौधा और ट्री-गार्ड, पौधारोपण भी करेगी नगर निगम की टीम

घर बैठे मिलेगा मुफ्त पौधा और ट्री-गार्ड, पौधारोपण भी करेगी नगर निगम की टीम

वाराणसी (जनवार्ता)। काशी को उसके प्राचीन स्वरूप ‘आनंद-कानन’ के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से नगर निगम ने हरियाली बढ़ाने की दिशा में नई पहल शुरू की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर निगम शहरवासियों को नि:शुल्क पौधा और ट्री-गार्ड उपलब्ध कराएगा। इसके साथ ही निगम की टीम आवेदक के घर अथवा बताए गए स्थान पर पहुंचकर गड्ढा खोदने से लेकर पौधा लगाने और ट्री-गार्ड लगाने तक की जिम्मेदारी संभालेगी।

rajeshswari

सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में शुक्रवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि कॉलोनी, मोहल्ले, पार्क अथवा घर के आसपास पौधा लगाने के इच्छुक नागरिक महापौर कार्यालय या स्मार्ट काशी एप के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। एक पौधे और ट्री-गार्ड पर करीब 2,740 रुपये का खर्च नगर निगम वहन करेगा। पौधे की देखभाल के लिए ‘पालक’ का नाम भी दर्ज किया जाएगा।

महापौर ने बताया कि पिछले वर्षों के पौधारोपण अभियान के बेहतर परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2024-25 में लगाए गए आठ हजार पौधों में 5,543 पौधे जीवित हैं, जबकि वर्ष 2025-26 में लगाए गए 20 हजार पौधों में से 19,269 पौधे सुरक्षित हैं। इस वर्ष ट्री-गार्ड के साथ 25 हजार नए पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि अब तक उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 10,305, रोहनिया में 6,713, कैंट में 6,236 और दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में 4,746 पौधे ट्री-गार्ड के साथ लगाए जा चुके हैं। उपवन योजना के तहत सारंग तालाब भीटा पर 35 हजार और कंचनपुर अखाड़ा पार्क में 15 हजार पौधे लगाए गए हैं।

इसे भी पढ़े   लाल किले से मोदी का रिकॉर्ड तोड़ भाषण — 103 मिनट में विकास, संकल्प और पाकिस्तान को चेतावनी

नए वित्तीय वर्ष में शहर के सभी आठ जोनों में 25 हजार ट्री-गार्ड लगाने और अगले दो वर्षों तक उनके रखरखाव के लिए 7.45 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं सारंग तालाब में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित करने के लिए 1.29 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नगर निगम के अनुसार, सूजाबाद-डोमरी में गंगा किनारे एक मार्च को महज एक घंटे में 2,51,446 पौधे लगाकर उपलब्धि को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया गया।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि नागरिक स्मार्ट काशी एप के माध्यम से पौधे की मांग कर सकते हैं। आवेदन के दौरान वार्ड संख्या, मोहल्ला या कॉलोनी, मकान नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद निगम की टीम संबंधित स्थान पर पहुंचकर पौधारोपण करेगी।

नगर निगम की ओर से मौलश्री, अमलतास, नीम, अर्जुन, पीपल, पाकड़, बरगद और गुलमोहर जैसी पारंपरिक एवं छायादार प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। निगम का लक्ष्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल के माध्यम से शहर में स्थायी हरियाली विकसित करना भी है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *