बलिया में तैनात सिपाही का गड्ढे में मिला शव, एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

बलिया में तैनात सिपाही का गड्ढे में मिला शव, एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

बलिया (जनवार्ता)। बांसडीह कोतवाली में तैनात 2025 बैच के आरक्षी परितोष मिश्रा का शव सोमवार सुबह बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता रेलवे क्रासिंग के पास पानी भरे गहरे गड्ढे में मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव और बाइक को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जानकारी ली।

rajeshswari

प्रयागराज जिले के होलागढ़ थाना क्षेत्र निवासी परितोष मिश्रा बांसडीह कोतवाली में तैनात थे। बताया गया कि रविवार शाम वह अपने साथी सिपाही शिवगोपाल पाल को बाइक से बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। वापसी के दौरान उन्होंने बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में तैनात अपने साथी पुलिसकर्मियों के साथ छाता गांव के पास भोजन किया। भोजन के बाद परितोष ने साथी सिपाहियों से मोबाइल ड्यूटी पर जाने की बात कही और बाइक से वहां से निकल गए।

हालांकि, वह मोबाइल ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। देर रात साथी पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की। मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिलने के बाद खोजबीन तेज कर दी गई। सोमवार सुबह छाता रेलवे क्रासिंग के पास पानी भरे गड्ढे में परितोष का शव और बाइक बरामद हुई।

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बाइक से जाते समय तेज रफ्तार के कारण क्रासिंग के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में जा गिरा होगा। पानी अधिक होने के कारण वह बाइक समेत उसमें डूब गए होंगे। हालांकि, पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

इसे भी पढ़े   गेहूं काटकर लौट रहे लोगों से भरी नाव पलटी,बालिका लापता,11 बचाए गए

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि सिपाही के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके साथ भोजन करने वाले पुलिसकर्मियों से भी बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

घटनास्थल पर अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश शुक्ल, क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र, कोतवाल राकेश सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *