लापता छात्र सीसीटीवी की मदद से सकुशल बरामद
वाराणसी (जनवार्ता)। खोजवा क्षेत्र के सरायनंदन निवासी छात्र सिद्धांत तिवारी, पुत्र अजीत तिवारी, स्कूल की छुट्टी के बाद अचानक लापता हो गया। छात्र के निर्धारित समय पर घर नहीं पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छात्र की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और छात्र के संभावित रास्तों को चिन्हित कर उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई। तकनीकी सहायता और लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने कुछ ही घंटों में सिद्धांत तिवारी को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद छात्र को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया। बेटे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।

