गाली देने से मना करने पर महिला और पति को लाठी-डंडे से पीटा
पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी (जनवार्ता) । मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर गांव में गाली-गलौज का विरोध करने पर महिला और उसके पति के साथ लाठी-डंडे से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों घायल हो गए। पीड़िता ने मंगलवार को मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की।

तहरीर के अनुसार, गांव में सुनीता देवी पत्नी मुन्नू राजभर की दुकान है। आरोप है कि सोमवार शाम करीब छह बजे धर्मेंद्र, जितेंद्र और जोगिंदर पुत्रगण सामधर राजभर, परमीला देवी, सुशीला देवी और अर्चना देवी समेत कुछ अन्य लोग दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
सुनीता देवी ने जब गाली देने से मना किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पति मुन्नू राजभर ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उसके साथ भी लाठी-डंडे से मारपीट करने का आरोप है। घटना में दोनों घायल हो गए।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

