जीआरपी : नाबालिग छात्रा बरामद, परिजनों को सुपुर्द
वाराणसी (जनवार्ता)। जीआरपी कैंट वाराणसी की जंघई चौकी पुलिस ने अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत घर से नाराज होकर ट्रेन में बैठकर जा रही 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। छात्रा की बरामदगी बुंदेलखंड एक्सप्रेस की महिला बोगी से जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर की गई।

पुलिस के अनुसार सोमवार को स्टेशन मास्टर, उत्तर रेलवे जंघई जंक्शन और रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से सूचना मिली कि जौनपुर के सुरेरी थाना क्षेत्र के भानपुर गांव निवासी 16 वर्षीय सृष्टि सिंह बिना परिजनों को बताए कपसेठी रेलवे स्टेशन से ट्रेन संख्या 11108 बुंदेलखंड एक्सप्रेस में बैठकर कहीं चली गई है। सूचना मिलते ही जंघई चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ जंघई जंक्शन पहुंचे और ट्रेन के पहुंचते ही सघन जांच शुरू की।
जांच के दौरान छात्रा महिला बोगी में सकुशल मिल गई। पुलिस ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी। रात करीब नौ बजे परिजन जंघई चौकी पहुंचे। आवश्यक पूछताछ और पहचान की पुष्टि के बाद छात्रा को उसकी मां सोनी सिंह, मामा जितेंद्र सिंह और मामी बबिता सिंह को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।
बालिका की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने जीआरपी की त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम का आभार जताया। बरामदगी टीम में जीआरपी कैंट प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, जंघई चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल अवनीन्द्र कुमार सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मीकांत गुप्ता और अरविन्द यादव शामिल रहे।

