आयुर्वेद दिवस पर एनडीआरएफ जवानों को स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
वाराणसी (जनवार्ता)। 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ, वाराणसी में आयुर्वेद एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का समन्वय एनडीआरएफ के मेडिकल ऑफिसर डॉ. विवेक सिंह ने किया। राजकीय आयुर्वेदिक विद्यालय, वाराणसी की विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. श्वेता मिश्रा एवं डॉ. नितिन शर्मा ने आयुर्वेद की उपयोगिता और दैनिक जीवन में इसके महत्व की जानकारी दी।


विशेषज्ञ चिकित्सकों ने संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, योग एवं व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य तथा रोगों की रोकथाम के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन बेहतर कार्यक्षमता का आधार हैं। एनडीआरएफ कार्मिकों को आयुर्वेद के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में 11वीं एनडीआरएफ के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य संरक्षण, रोग-निवारण और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य एनडीआरएफ कार्मिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ आयुर्वेद और समग्र कल्याण की अवधारणा को बढ़ावा देना रहा।

