तरना-गिलट बाजार मार्ग पर सड़क सुरक्षा के लिए रंबल लगेंगी स्ट्रिप्स
वाराणसी। तरना फ्लाईओवर से गिलट बाजार मुख्य मार्ग पर दो दिन पूर्व हुई सड़क दुर्घटना में हुई मौत के बाद पुलिस ने दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सड़क सुरक्षा के उपाय तेज कर दिए हैं। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में शनिवार को पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों के साथ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक, यातायात निरीक्षक अनुराग त्यागी, थाना शिवपुर के प्रभारी निरीक्षक, गिलट बाजार व तरना चौकी प्रभारी तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने मार्ग पर दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों और कट वाले स्थानों को चिन्हित किया।
निर्णय लिया गया कि तरना फ्लाईओवर से गिलट बाजार मुख्य मार्ग पर चिन्हित कटों के पास जल्द रंबल स्ट्रिप्स लगाई जाएंगी, ताकि वाहन चालकों को गति कम करने के लिए पहले से सचेत किया जा सके। रात्रि में कट और सड़क की स्थिति स्पष्ट दिखाई देने के लिए कैटआई भी लगाए जाएंगे। फ्लाईओवर के मध्य डिवाइडर और बैरियर में बने कट वाले स्थानों पर ‘दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र’ और ‘गति कम करें’ के चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे।
इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार अन्य रोड सेफ्टी साइन और यातायात सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। पुलिस ने संबंधित विभागों को चिन्हित स्थानों पर आवश्यक कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन उपायों का उद्देश्य संवेदनशील स्थानों पर वाहन चालकों को समय रहते सचेत करना और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है।

