विद्युत पेंशनर्स सम्मेलन में 11 सूत्रीय मांगों पर जोर

विद्युत पेंशनर्स सम्मेलन में 11 सूत्रीय मांगों पर जोर

ए.के. सिंह अध्यक्ष और अतीन गांगुली चुने गए महासचिव

वाराणसी (जनवार्ता)। विद्युत पेंशनर्स परिषद उत्तर प्रदेश के वाराणसी अंचल का षष्ठम् आंचलिक सम्मेलन शनिवार को महमूरगंज स्थित शगुन लॉन में आयोजित हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री (श्रम एवं सेवायोजन) अनिल राजभर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सम्मेलन में करीब एक हजार पेंशनर और पारिवारिक पेंशनर शामिल हुए। इस दौरान संगठन की ओर से 11 सूत्रीय मांग पत्र मंत्री अनिल राजभर और पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) को सौंपा गया।

rajeshswari

महासचिव अतीन गांगुली ने संगठन की ओर से 11 सूत्रीय मांगों को रखते हुए पेंशनरों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रमुख मांगों में अष्टम वेतन आयोग की संस्तुतियों का लाभ पेंशनरों को भी देने, राज्य सरकार के पेंशनरों की तर्ज पर विद्युत पेंशनरों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा एलएमबी-10 की सुविधा कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए पूर्ववत बनाए रखने की मांग शामिल रही।

मंत्री अनिल राजभर ने पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने मंच से प्रदेश के करीब 78 हजार संविदाकर्मियों को आउटसोर्स निगम में शामिल कराने की संगठन की मांग का भी समर्थन करते हुए इस दिशा में पहल की बात कही।

सम्मेलन में 80 वर्ष से अधिक आयु के 45 वरिष्ठ पेंशनरों को मंत्री और निदेशक की ओर से शाल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। स्वागत अध्यक्ष डॉ. आर.बी. सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संगठन के पदाधिकारियों और विद्युत कामगार संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे।

इसे भी पढ़े   जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में 45 चिकित्सकों की नियुक्ति

द्वितीय सत्र में आगामी दो वर्षों के लिए वाराणसी अंचल की नई कार्यकारिणी का चुनाव हुआ। इसमें ए.के. सिंह को अध्यक्ष और अतीन गांगुली को महासचिव चुना गया। सम्मेलन की अध्यक्षता ई. अशोक कुमार सिंह ने की। संचालन सम्मेलन संयोजक आर.के. वाही ने किया। इस अवसर पर ई. ए.के. सेठ, ई. अनिल वर्मा, कप्तान सिंह, ई. पी.पी. सिंह, ओ.पी. सिंह, ई. अवधेश मिश्रा, ई. मायाशंकर तिवारी, ई. शैलेन्द्र कुमार, ई. चंद्रजीत कुमार और ई. आर.आर. सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *