हेल्थ रैंकिंग में वाराणसी प्रदेश में प्रथम
0.81 स्कोर के साथ हासिल किया शीर्ष स्थान
वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड के अगस्त 2026 के आंकड़ों में वाराणसी ने प्रदेश के सभी जिलों में प्रथम स्थान हासिल किया है। वाराणसी का संयुक्त स्कोर 0.81 रहा, जो जुलाई की तुलना में 30.65 प्रतिशत अधिक है। मुजफ्फरनगर और लखनऊ 0.73 स्कोर के साथ इसके बाद रहे।

हेल्थ रैंकिंग में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, परिवार नियोजन, टीबी नोटिफिकेशन और एचआईवी स्क्रीनिंग समेत विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों को शामिल किया जाता है। अगस्त में चार या अधिक एएनसी और हीमोग्लोबिन जांच कराने वाली गर्भवती महिलाओं का अनुपात 100 प्रतिशत, संस्थागत प्रसव 95.95 प्रतिशत और नवजातों की एचबीएनसी विजिट 100 प्रतिशत रही। पूर्ण टीकाकरण की उपलब्धि 97.98 प्रतिशत दर्ज की गई।
इसके अलावा टीबी नोटिफिकेशन दर और गर्भवती महिलाओं की एचआईवी स्क्रीनिंग 100 प्रतिशत रही। पेंटावैलेंट-3 एवं बीसीजी का अनुपात 1.53, स्थायी परिवार नियोजन विधि की स्वीकृति 1.21 तथा प्रतिवर्ती परिवार नियोजन विधि 17.43 प्रति 1000 पात्र दंपति दर्ज की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि प्रदेश में प्रथम स्थान स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर अनुश्रवण, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रैंकिंग को उपलब्धि के साथ-साथ स्वास्थ्य संकेतकों में निरंतर सुधार के लिए प्रेरणा के रूप में लिया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है, उनकी नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, आशा और एएनएम समेत विभाग से जुड़े सभी कार्मिकों को बधाई दी।

