रवि फैन के गोदाम में भीषण आगरवि फैन के गोदाम में भीषण आग, चार घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
वाराणसी (जनवार्ता)। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली मोहल्ले में सोमवार को इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठान ‘रवि फैन’ के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही सुरक्षा कर्मियों ने फायर सर्विस को जानकारी दी। कुछ ही देर में मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

गोदाम से उठती आग की लपटों को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ जुट गई। आग के फैलने की आशंका को देखते हुए दमकल कर्मियों ने आसपास के मकानों को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
गोदाम प्रबंधक अनादि शंकर गुप्ता के अनुसार, वहां बड़ी मात्रा में कच्चा माल, पंखों के पार्ट्स और पेंट रखा था, जो आग में जलकर नष्ट हो गया। स्थानीय लोगों ने गोदाम में करोड़ों रुपये के सामान के नुकसान की आशंका जताई है। आग से गोदाम की दीवारों में भी गंभीर दरारें आ गई हैं। फिलहाल नुकसान का वास्तविक आकलन नहीं हो सका है।

