15 दिसंबर तक पूरा हो राजकीय इंटर कॉलेज झारोकला का भवन निर्माण

15 दिसंबर तक पूरा हो राजकीय इंटर कॉलेज झारोकला का भवन निर्माण

सोनभद्र  (जनवार्ता)। निर्माणाधीन राजकीय इंटर कॉलेज झारोकला दुद्धी, के भवन निर्माण कार्य में धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को श्रमिकों व मिस्त्रियों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि विद्यालय भवन का निर्माण हर हाल में 15 दिसंबर तक पूरा कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने भवन निर्माण में इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री समेत अन्य सामग्री की थर्ड पार्टी जांच कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि निर्धारित मानकों और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। गुणवत्ता में लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी और प्रगति की लगातार समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक देरी अथवा कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय झारोकला में अध्ययनरत छात्राओं से संवाद कर शिक्षण व्यवस्था और पढ़ाई की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड एसके सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

rajeshswari

इसे भी पढ़े   सोनभद्र में स्कूल विवाद पर बुजुर्ग की पिटाई, आरोपी फरार
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *