भाऊपुर में जल निगम से बिजली के तार चोरी, जलापूर्ति ठप
112 पर सूचना के बाद पुलिस जांच में जुटी, जंसा क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के भाऊपुर गांव में जल निगम परिसर से चोर बिजली के तार काटकर ले गए। तार चोरी होने से जलापूर्ति ठप हो गई, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल निगम के ऑपरेटर ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जंसा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक महीने में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कई चोरी और लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। घटनाओं के लगातार होने से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि कई मामलों में पुलिस अभी तक घटनाओं का खुलासा नहीं कर सकी है।
इसी बीच परमपुर चौकी के पूर्व प्रभारी उपनिरीक्षक आयुष ओझा को लेकर भी क्षेत्र में चर्चा है। ग्रामीणों के अनुसार उनका तीन सितंबर को कपसेठी थाने के लिए स्थानांतरण हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार परमपुर क्षेत्र में बने हुए हैं और कपसेठी थाने में आमद नहीं कराई है। क्षेत्र में चर्चा है कि उन्हें चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए रोका गया है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
लगातार हो रही घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि चोरी और लूट की घटनाओं पर तत्काल अंकुश नहीं लगाया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। अब देखना यह है कि जल निगम से तार चोरी की इस घटना का पुलिस कितनी जल्दी खुलासा करती है।

