जनता दर्शन में डीएम ने फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण का दिया निर्देश
वाराणसी (जनवार्ता)। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या को संवेदनशीलता से सुना जाए और उसका पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि फरियादी की संतुष्टि के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में गलत रिपोर्ट लगाने या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आम जनता की समस्याएं सुनें। गंभीर मामलों में अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर समाधान कराएं, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार जनपद और तहसील मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की प्रतिदिन समीक्षा करने और लंबित मामलों में संबंधित अधिकारियों को स्वयं शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर तत्काल निस्तारण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

