धनतेरस पर मां अन्नपूर्णा का होगा भव्य श्रृंगार, 10 नवंबर तक मिलेगा खजाना प्रसाद-मुख्य कार्यपालक अधिकारी
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी विश्वनाथ धाम में धनतेरस और अन्नकूट महापर्व पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। जिसको लेकर एक वीडियो के माध्यम से मन्दिर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्रा ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धनतेरस पर छह नवंबर को सुबह चार बजे मां अन्नपूर्णा की विशेष पूजा, भव्य श्रृंगार और आरती की जाएगी। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को मां के दर्शन के साथ खजाना प्रसाद वितरित किया जाएगा। यह व्यवस्था 10 नवंबर को अन्नकूट महापर्व की शयन आरती तक जारी रहेगी। वही अन्नकूट पर 10 नवंबर को मध्याह्न भोग आरती में भगवान विश्वेश्वर को छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे। इसमें मिष्ठान्न, फल, नमकीन, मेवे और पारंपरिक पकवान शामिल होंगे। इस दौरान शिव परिवार की चल प्रतिमा का गर्भगृह में भव्य श्रृंगार किया जाएगा। जहाँ लड्डुओं से निर्मित शिवालय भी आकर्षण का केंद्र होगा, जिसके दर्शन वैकुंठ महादेव प्रांगण में होंगे। जबकि मध्याह्न आरती के बाद श्रद्धालु गर्भगृह के बाहर से झांकी दर्शन कर सकेंगे। इस दिन शयन आरती पश्चिमी की जगह दक्षिणी द्वार से होगी। जिस पर मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित दर्शन व्यवस्था का पालन करने और सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है।


