वैश्विक मानकों और देशज जरूरतों के अनुरूप हो सब्जी अनुसंधान एवं विकास : ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी

वैश्विक मानकों और देशज जरूरतों के अनुरूप हो सब्जी अनुसंधान एवं विकास : ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी

वैज्ञानिकों से संवाद कर नवाचार और गुणवत्ता विकास पर दिया जोर

वाराणसी । कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), नई दिल्ली के सचिव ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने रविवार को भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर), शाहंशाहपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान की विभिन्न शोध एवं विकास गतिविधियों का जायजा लिया और वैज्ञानिकों को वैश्विक मानकों के साथ देशज आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर अनुसंधान करने का सुझाव दिया।

rajeshswari

दौरे की शुरुआत ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने संस्थान परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपित कर की। इसके बाद उन्होंने संस्थान के कृषि प्रक्षेत्र का भ्रमण किया, जहां सब्जियों की विभिन्न किस्मों, आधुनिक तकनीकों और कृषि निवेशों के उपयोग का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने बीज विधायन संयंत्र, बीज उत्पादन क्षेत्र, जैविक खेती इकाई, जैव संसाधन उत्पादन इकाई, हाईटेक नर्सरी, संरक्षित क्षेत्र में सब्जी उत्पादन इकाई सहित विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया।

उन्होंने बीएसएल-3 सुविधा, स्पीड ब्रीडिंग एवं जीनोम एडिटिंग सुविधा, जैव उर्वरक विकास प्रयोगशाला, तुड़ाई उपरांत फसल संवर्धन इकाई, कीटनाशी अवशेष प्रयोगशाला और टिश्यू कल्चर प्रयोगशाला का भी अवलोकन किया। इस दौरान संबंधित वैज्ञानिकों से शोध कार्यों और तकनीकी उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।

वैज्ञानिकों के साथ आयोजित समीक्षा एवं संवाद बैठक का शुभारंभ वंदेमातरम गीत और आईसीएआर के गान से हुआ। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने सचिव ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी का स्वागत करते हुए संस्थान की प्रमुख गतिविधियों, शोध कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान देशभर के किसानों के हित में लगातार अनुसंधान एवं तकनीकी विकास के कार्य कर रहा है।

इसे भी पढ़े   चमकुनी गांव के पास दो बाइकों की टक्कर में महिला की मौत, परिवार में कोहराम

वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। वैज्ञानिकों से अपेक्षा है कि वे वैश्विक मानकों और देश की स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रयोगशालाओं में शोध कार्य करें, ताकि उनके अनुसंधान का सीधा लाभ देशभर के किसानों तक पहुंच सके।

उन्होंने संस्थान में एग्रीवोल्टाइक जैसे नए पहल पर किए जा रहे कार्यों को गति देने के साथ नवाचार और गुणवत्ता विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई। उन्होंने बताया कि एग्रीवोल्टाइक ऐसी आधुनिक प्रणाली है, जिसमें एक ही भूमि पर खेती के साथ सौर ऊर्जा का उत्पादन भी किया जाता है।

ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने आईआईवीआर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान में परंपरागत सब्जी अनुसंधान के साथ जीनोम एडिटिंग जैसे अत्याधुनिक शोध कार्यक्रमों पर भी कार्य किया जा रहा है, जो सराहनीय है।

बैठक का संचालन प्रधान वैज्ञानिक डॉ. नीरज सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रधान वैज्ञानिक डॉ. डीपी सिंह ने किया।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *