मुख्य चुनाव आयुक्त को कांग्रेसजनों ने डाक से भेजी ‘सत्यप्रेमी हरिश्चंद्र’ पुस्तक

मुख्य चुनाव आयुक्त को कांग्रेसजनों ने डाक से भेजी ‘सत्यप्रेमी हरिश्चंद्र’ पुस्तक

वाराणसी (जनवार्ता)। लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस का मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जारी है। इसी क्रम में वाराणसी महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त को गीता प्रेस गोरखपुर द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘सत्यप्रेमी हरिश्चंद्र’ डाक के माध्यम से भेजी। नदेसर स्थित प्रधान डाकघर से पुस्तक प्रेषित कर कांग्रेसजनों ने उन्हें राजा हरिश्चंद्र के सत्य, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

rajeshswari

इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि राजा हरिश्चंद्र ने सत्य की रक्षा के लिए अपना राजपाट, परिवार और सुख-सुविधाएं तक त्याग दीं, लेकिन सत्य का मार्ग नहीं छोड़ा। आज मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर कांग्रेस और विपक्ष द्वारा लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में उन्हें राजा हरिश्चंद्र के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने संवैधानिक दायित्वों का निष्पक्षता और ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर उठाए गए सवालों और खुलासों के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त को देश की जनता के सामने जवाब देना चाहिए। चौबे ने कहा कि पद और प्रतिष्ठा से कहीं बड़ा सत्य और संविधान होता है। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों का जवाब पारदर्शिता और निष्पक्ष कार्रवाई से दिया जाना चाहिए।

राघवेंद्र चौबे ने कहा कि ज्ञानेश कुमार की शिक्षा वाराणसी के प्रतिष्ठित क्वींस कॉलेज से हुई है। काशी की धरती ज्ञान, सत्य और न्याय की परंपरा के लिए जानी जाती है। ऐसे में उनसे अपेक्षा है कि वे इन मूल्यों को अपने संवैधानिक दायित्वों में भी प्रतिबिंबित करें। उन्होंने 21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री श्री विद्यालय योजना के अंतर्गत क्वींस कॉलेज में प्रस्तावित स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके वाराणसी दौरे के रद्द होने से कार्यक्रम नहीं हो सका। कांग्रेस अध्यक्ष ने इस संबंध में भी अपनी राजनीतिक प्रतिक्रिया व्यक्त की।

इसे भी पढ़े   हरियाली और जल विहार के बीच स्वर्णमयी आसन पर विराजे बाबा बटुक भैरव

उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व कांग्रेसजनों ने क्वींस कॉलेज के मुख्य द्वार पर गंगाजल का छिड़काव कर प्रतीकात्मक शुद्धिकरण किया था। चौबे के अनुसार, यह कार्यक्रम चुनाव आयोग की कथित पक्षपातपूर्ण कार्यप्रणाली और ‘वोट चोरी’ के आरोपों के विरोध में आयोजित किया गया था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए है। मुख्य चुनाव आयुक्त का पद किसी राजनीतिक दल या सरकार के प्रति निष्ठा दिखाने के लिए नहीं, बल्कि संविधान और देश की जनता के प्रति जवाबदेह रहने के लिए है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर देशभर में लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।

चौबे ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को भेजी गई ‘सत्यप्रेमी हरिश्चंद्र’ पुस्तक केवल एक किताब नहीं, बल्कि सत्य, नैतिकता और संवैधानिक मर्यादा का संदेश है। उम्मीद है कि मुख्य चुनाव आयुक्त राजा हरिश्चंद्र के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने पद की गरिमा और लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।

इस अवसर पर सतनाम सिंह, अनुराधा यादव, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कब्बन, अब्दुल हमीद डोडे, रोशन श्रीवास्तव, नरसिंह दास, हिमांशु सिंह, पुलक त्रिपाठी, मोहम्मद उज्जैर, सुशील पांडेय, सतेंद्र तिवारी, आशीष शर्मा, विजय देवल, रामजी गुप्ता सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *