देव दीपावली पर चोरी की फिराक में आए आंध्र प्रदेश के 14 अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार
पर्यटकों से चोरी के 57,960 रुपये और दो मोबाइल बरामद
वाराणसी (जनवार्ता)। देव दीपावली पर्व के दौरान पर्यटकों की भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी में वाराणसी पहुंचे आंध्र प्रदेश के अंतरराज्यीय चोर गिरोह का सिगरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना और सदस्यों समेत कुल 14 महिला-पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन और पर्यटकों से चोरी किए गए 57,960 रुपये नकद बरामद हुए हैं।


पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार एसीपी चेतगंज और सिगरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को थाना सिगरा क्षेत्र स्थित एनपीएस गेस्ट हाउस में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में गुंटरु तरुन अनिल उर्फ चिन्माकुर्थी मदन उर्फ डूम्मू, मालेल्ला साईगोपी (34), जांपा किरन कुमार (32) और इट्टा वेंकटेश (34) शामिल हैं। ये सभी आंध्र प्रदेश के गुंटूर और प्रकाशम क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। शेष 10 आरोपियों की पहचान भी पुलिस ने की है, जो आंध्र प्रदेश के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वनप्लस और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा पर्यटकों से चोरी किए गए 57 हजार 960 रुपये नकद भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्यों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इनके खिलाफ वर्ष 2019 से 2021 के बीच आंध्र प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी के आठ मुकदमे दर्ज होने का विवरण मिला है।
इस मामले में थाना सिगरा में मुकदमा अपराध संख्या 482/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 112(2) में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, सोनिया चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सौरभ शाही, उपनिरीक्षक सलमान खान, डाली साहू सहित पुलिसकर्मी और महिला कांस्टेबल शामिल रहीं। पुलिस की इस कार्रवाई को देव दीपावली के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के प्रयास से जोड़कर देखा जा रहा है।

